
होम लोन का नाम सुनकर कई लोग घबरा जाते हैं कि बैंक के चक्कर काटने पड़ेंगे। असल में तरीका सीधा है, बस कागज़ पूरे होने चाहिए। चलिए एक एक कदम समझते हैं।
कदम 1: पता कीजिए कितना लोन मिल सकता है
बैंक आपकी कमाई, उम्र, नौकरी और पहले से चल रहे लोन देखकर रकम तय करता है। आम तौर पर बैंक प्रॉपर्टी की कीमत का 75 से 90 प्रतिशत तक लोन देते हैं। बाकी रकम डाउन पेमेंट है जो आपको देनी होती है।
कदम 2: अपना CIBIL स्कोर देखिए
स्कोर 750 के ऊपर है तो लोन भी आसानी से मिलता है और ब्याज भी कम लगता है। स्कोर कम है तो घबराइए मत, कम CIBIL स्कोर पर होम लोन के रास्ते भी हैं।
कदम 3: कागज़ात तैयार कीजिए
- पहचान और पते का सबूत: आधार, पैन।
- कमाई का सबूत: नौकरी वालों के लिए सैलरी स्लिप और फॉर्म 16, कारोबार वालों के लिए ITR और बैंक स्टेटमेंट।
- पिछले 6 महीने का बैंक स्टेटमेंट।
- प्रॉपर्टी के कागज़: एग्रीमेंट, अलॉटमेंट लेटर, पास नक्शा।
यह भी पढ़ें: स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन चार्ज क्या होता है, और इसे कैसे कम करें
कदम 4: दो तीन बैंकों से तुलना
सिर्फ ब्याज दर मत देखिए। प्रोसेसिंग फीस, बीमा की शर्त और समय से पहले चुकाने के नियम भी पूछिए। आधा प्रतिशत का फर्क 20 साल में लाखों का हो जाता है।
कदम 5: बैंक की जांच
आवेदन के बाद बैंक दो तरह की जांच करता है। एक आपकी, यानी नौकरी और घर के पते की। दूसरी प्रॉपर्टी की, जिसमें वकील कागज़ देखता है और एक आदमी आकर कीमत आंकता है।
कदम 6: मंजूरी का पत्र
सब ठीक रहा तो बैंक सैंक्शन लेटर देता है। इसमें लोन की रकम, ब्याज दर और अवधि लिखी होती है। इसे ध्यान से पढ़िए, खासकर ब्याज फिक्स है या फ्लोटिंग।
कदम 7: पैसा मिलना
तैयार घर में पूरा पैसा एक बार में बेचने वाले को जाता है। बन रहे घर में बैंक काम के हिसाब से किस्तों में बिल्डर को देता है। इसके बाद आपकी EMI शुरू हो जाती है।
ध्यान रखने की बातें
EMI को हल्का रखने के लिए EMI कम करने के तरीके देख लीजिए। और अगर पति पत्नी दोनों कमाते हैं तो जॉइंट होम लोन से ज्यादा रकम मिल सकती है।
ब्याज दरें बदलती रहती हैं, इसलिए ताजा दर हमेशा बैंक की अपनी वेबसाइट या शाखा से ही पक्की कीजिए।
